जींद में स्वर्णकार सेवा संघ-2601 के आयोजित उत्कृष्ट स्वर्णकार महाकुंभ में सुखविंद्र सोनी को किया सम्मानित
mahendra india news, new delhi
जींद की पावन पवित्र धरती पर उत्कृष्ट स्वर्णकार महाकुंभ का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। युवा टीम के प्रधान रणजीत वर्मा व महामंत्री राजेश सोनी ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढा ने शिरकत की, जबकि विशिष्ठ अतिथि के रूप में विनय वर्मा विधायक शोहरतगढ़ (यूपी) व फतेहाबाद के जिलाध्यक्ष भाजपा प्रवीन जौड़ा ने शिरकत की।
उनके साथ स्वर्णकार सेवा संघ-2601 के प्रदेशाध्यक्ष डा. जोगेंद्र वर्मा, कार्यकारी प्रधान राजकुमार लांबा व महामंत्री गुरदीप चड्ढा भी मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यातिथि डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढा ने कहा कि स्वर्णकार समाज की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा जाएगा। इसके साथ-साथ उन्होंने स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया।
विनय वर्मा विधायक शोहरतगढ़ ने कहा कि 50 सालों से स्वर्णकार समाज के व्यवसायी जो सोने-चांदी का काम कर रहे हैं, वो बधाई के पात्र है। लोगों का विश्वास ही समाज में आपकी पहचान है। प्रतिस्पर्धा के दौर में बहुत सी मल्टी नैशनल कंपनियां बाजार में आ चुकी हैं, लेकिन इसके बाद भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी से परिवार पैतृक व्यवासियों पर आभूषण बनवाने के लिए विश्वास जता रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी ने सिरसा से सुखविंद्र सोनी को स्वर्णकार सेवा संघ के मुख्य सलाहकार एवं जिला सिरसा प्रभारी नियुक्त करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सुखविंद्र सोनी ने कहा कि संघ की ओर से जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पूरा करूंगा। स्वर्णकार समाज के उत्थान के लिए प्रयासरत रहूंगा। अधिक से अधिक युवा वर्ग को संगठन से जोड़कर मजबूत करने का काम किया जाएगा।इस मौके पर सिरसा से प्रतिनिधिमंडल के रूप में महेंद्र कुमार भूण उपाध्यक्ष हरियाणा, राजकुमार भूण, राधेश्याम सोनी, ओम डाबर, शिव कुमार सोनी, शीशन सोनी, फकीरचंद सोनी, अमित सोनी, सोनू भूण सहित अन्य स्वर्णकार समाज के साथी उपस्थित रहे।
