स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं: संतोष भारती
Swami Vivekananda's thoughts are still a source of inspiration for the youth: Santosh Bharti
mahendra india news, new delhi
महान विचारक, दार्शनिक एवं युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के आश्रम हाउस नंबर-1544 हुडा सेक्टर, सिरसा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्याअर्पित कर की गई। इस अवसर पर साध्वी संतोष भारती ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास अनुशासन और सेवा भावना के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।
उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। साध्वी जी ने कहा कि आज के समय में जब युवा वर्ग अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, वहीं स्वामी विवेकानंद जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्य अनुशासन और आत्मनिर्भरता को अपनाकर ही युवा एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय युवाओं को आत्मविश्वास साहस और चरित्र निर्माण का मार्ग दिखाया। उन्होंने युवाओं को केवल ज्ञान प्राप्त करने तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का भी संदेश दिया।
स्वामी विवेकानंद जी ने स्वामी रामकृष्ण परमहंस की शरण में जाकर स्वयं को जाना व ब्रह्म ज्ञान को प्राप्त किया। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि उठो जागो, आगे बढ़ो यानी स्वयं खुद को जानो। जब खुद को जान लोगे तभी राष्ट्र का निर्माण कर पाओगे, तभी राष्ट्र को समझ पाओगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का सपना था कि भारत का युवा शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बने। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ते हुए दिव्या ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा समय-समय पर युवाओं को प्रेरित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साध्वी पूजा भारती और साध्वी नेहा भारती ने भजनों का गायन किया।
