हरियाणा सरकार व बिजली कर्मचारियों के बीच वार्ता विफल, 11 अगस्त से तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करेंगे बिजली कर्मचारी
mahendra india news, new delhi
हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल की रविवार को शक्ति भवन, पंचकूला में हरियाणा पावर यूटिलिटीज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगभग 2 घंटे तक विस्तृत वार्ता हुई। बैठक में कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों तथा बिजली क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों की न्यायोचित मांगों को मजबूती से रखा, लेकिन सरकार एवं निगम प्रबंधन का रवैया नकारात्मक एवं अडय़िल रहा। किसी भी प्रमुख मांग पर कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय अधिकारियों द्वारा केवल मांगों को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया गया तथा हड़ताल स्थगित करने का आग्रह किया गया।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिर्फ आश्वासन से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। जब तक सरकार मांगों पर ठोस, लिखित एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल स्थगित करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
वार्ता के दौरान सरकार के अडय़िल रवैये के कारण कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके पश्चात संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 11, 12 एवं 13 अगस्त 2026 की पूर्व घोषित तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी ताकत, एकजुटता एवं अनुशासन के साथ होगी।
सरकार हमारी एकता और ताकत को परखना चाहती है — कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने कहा कि सरकार यदि कर्मचारियों की एकता और संघर्ष की ताकत को परखना चाहती है, तो प्रदेश के बिजली कर्मचारी भी पूरी तरह तैयार हैं। यह लड़ाई अब केवल मांगों की नहीं, बल्कि किसान, मजदूर ,कमरे वर्ग, कर्मचारियों के सम्मान, अधिकारों और बिजली क्षेत्र के भविष्य की लड़ाई बन चुकी है।
संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के सभी बिजली कर्मचारियों एवं अधिकारियों से आह्वान किया है कि वे हड़ताल की पूरी तैयारी करें और 11, 12 एवं 13 अगस्त को पूर्ण एकजुटता के साथ हड़ताल में शामिल होकर सरकार को अपनी एकता और ताकत का एहसास करवाएं।
न कोई पीछे हटेगा, न कोई दबाव में आएगा।
जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में संयुक्त संघर्ष मोर्चा की ओर से चेयरमैन देवेन्द्र सिंह हुड्डा, प्रधान इकबाल चंदाना, सुरेश राठी, विजेन्द्र बराड़, यशपाल देशवाल, पुनित कूंडू, महासचिव आर.सी. सिरोही, राजेंद्र राणा, रविन्द्र घणघस, सुरेंद्र यादव, विनोद कुमार, मनोज सैनी, अशोक शर्मा , विकास नेहरा, अनिल पहल, राजकुमार महला, बलजीत बेनीवाल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
