महर्षि वाल्मीकि के प्रकाशोत्सव पर टीम उदय ने किया नमन, डॉ. रेखा रानी बोलीं- नई पीढ़ी इतिहास जानने के साथ सामाजिक चेतना भी विकसित करे
mahendra india news, new delhi
टीम उदय द्वारा चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के परिसर स्थित हर्बल पार्क में महर्षि वाल्मीकि जी को पुष्पार्पण कर नमन किया गया। इस अवसर पर उनके जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर केंद्रित एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। विचार गोष्ठी में महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन-दर्शन, ज्ञान, समानता, नैतिकता और मानवीय मूल्यों पर चर्चा की गई।
डा. रेखा रानी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन हमें ज्ञान, विवेक, संवेदनशीलता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनकी रचनाएं भारतीय साहित्य और संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो आज भी समाज को मानवीय मूल्यों तथा सामाजिक सद्भाव का संदेश देती हैं। इस अवसर पर सीडीएलयू अध्यक्ष कबीर ने बताया कि हमें महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाशोत्सव को केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा पर आधारित समाज का निर्माण ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगे राम ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महापुरुषों के जीवन और विचारों का अध्ययन करें तथा उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और सामाजिक कार्यों में उतारें। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास, साहित्य और सामाजिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ सकारात्मक सामाजिक चेतना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि जी के विचारों और उनके प्रेरणादायी योगदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। इस विचार गोष्ठी में कल्पना, सिया, विधी, अभिषेक, हिमांशु सहित अन्य पदाधिकारी वो विश्वविद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।
