home page

श्री श्याम मंदिर का 63वां कार्तिक महोत्सव कल से, निशान ध्वजा रथयात्रा और भजन अमृत वर्षा होगी मुख्य आकर्षण

 | 
The 63rd Kartik Mahotsav at the Shri Shyam Mandir begins tomorrow; the 'Nishan Dhwaja' (flag) chariot procession and a shower of devotional hymns ('bhajan amrit varsha') will be the main attractions

 MAHE4NDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

सिरसा प्राचीन श्री श्याम मंदिर का 63वां कार्तिक महोत्सव 18 से 21 नवंबर तक मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव को लेकर मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह है। मंदिर की संरक्षक तारा देवी और सह संरक्षक तेजपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, निशान ध्वजा रथयात्रा और भजन संध्या सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को प्रात: श्री गणेश पूजन एवं श्री श्याम ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसमें मुख्य यजमान ललित मोंगा और मनोल डालमिया परिवार होंगे। इसी दिन दोपहर 2 बजे श्री श्याम निशान ध्वजा रथयात्रा निकाली जाएगी।

इसमें हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र सिंह कल्याण, ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल और उनके सुपुत्र मनीष सिंगला की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। 19 नवंबर को सुबह 11 बजे मंदिर प्रांगण में कल्याणकारी श्री श्याम महामंत्र जाप का आयोजन होगा। 20 नवंबर को सुबह 5:30 बजे श्री श्याम नाम प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

इसके बाद सुबह 8:30 बजे नटराज आर्ट ग्रुप की ओर से श्री राधाकृष्ण नृत्य महारास की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी दिन रात्रि 8:15 बजे श्री श्याम भजन अमृत वर्षा होगी। इसके मुख्य यजमान प्रो. गणेशीलाल एवं उनके सुपुत्र श्याम भक्त मनीष सिंगला होंगे। कार्यक्रम में कोलकाता से पहुंचे भजन गायक प्रकाश मिश्रा और श्वेता अग्रवाल अपनी मधुर वाणी से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। सरगम म्यूजिकल ग्रुप से बब्बू गिरधर सहयोग करेंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 21 नवंबर को द्वादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम हवन यज्ञ आयोजित किया जाएगा। चारों दिन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now