home page

सिरसा के गांव में कार से कुचलकर युवक की हत्या करने के मामले में आरोपी काबू, नैपकिन देने से मना कर करने पर हुआ था झगड़ा

 | 
नैपकिन देने से मना कर करने पर हुआ था झगड़ा
mahendra india news, new delhi

सिरसा जिला के गांव खाजाखेड़ा में बीती 26 अप्रैल की रात्रि युवक सोनू की कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की पहचान की जा रही है। 


इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव ने बताया कि मृतक सोनू के पड़ोस में रहने वाले गांव खाजाखेड़ा निवासी सागर पुत्र रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सैलून का कार्य करता है। करीब एक वर्ष पूर्व एक पैलेस में आयोजित शादी समारोह के दौरान गुरु तेग बहादुर कॉलोनी निवासी जसविंद्र उर्फ बठल ने उससे नैपकिन मांगी थी, लेकिन सागर ने नैपकिन देने से मना कर दिया था। 


इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।शिकायतकर्ता सागर ने बताया कि घटना वाली रात करीब 8:30 बजे कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव में आए थे। इसके लगभग दो घंटे बाद रात करीब 10 बजे आरोपी कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से सीधे सोनू पर कार चढ़ा दी। आरोपियों ने सोनू को कार से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान शिकायतकर्ता सागर एक तरफ हट जाने के कारण बाल-बाल बच गया।

WhatsApp Group Join Now


 प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव ने बताया कि जैसे ही यह मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर सदर थाना सिरसा में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी जसविंद्र सिंह उर्फ जस्सू उर्फ बठल पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर 27, गुरु तेग बहादुर नगर, सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। 


आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इस मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपी गुरजोत, रवि तथा विक्रमजीत उर्फ विक्का को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, जो भी व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।