home page

सिरसा की बेटियों का कमाल: राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लहराया परचम, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी प्रतिभा

 | 
  The amazing work of Sirsa's daughters: They won the national competition and will now showcase their talent on the international stage.
 - कोडैवर 7.0 में प्राची-हर्षिता का शानदार प्रदर्शन, डीसी ने किया सम्मानित, जर्काता में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

सिरसा। कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित जीआईटीएएम विश्वविद्यालय में 11 व 12 अप्रैल को आयोजित कोडैवर 7.0 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड सिरसा की छात्राओं प्राची व हर्षिता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर वीरवार को जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा व जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने अपने कार्यालय में दोनों छात्राओं को सम्मानित कर बधाई दी।

इस दौरान जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी, उप जिला शिक्षा अधिकारी विजय सचदेवा, समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण वर्मा,
विद्यालय की प्राचार्या परमजीत कौर, प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार व वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल भाटिया सहित अन्य अधिकारियों व शिक्षकों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। छात्राओं ने स्टेम प्रशिक्षक पवन कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया। हरियाणा से इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए केवल तीन टीमों का चयन हुआ था, जिनमें सिरसा की टीम द टेक स्क्वॉड ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया।

अब यह टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जर्काता (इंडोनेशिया) में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, जो पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। विद्यालय की प्राचार्या परमजीत कौर ने बताया कि छात्राओं की इस सफलता में निरंतर मार्गदर्शन, मेहनत और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही दिशा, संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।

WhatsApp Group Join Now