अरोड़वंश समाज द्वारा श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई सूर्यवंशी श्री अरूट जी महाराज की जयंती
mahendra india news, new delhi
सिरसा/ऐलनाबाद। पंजाबी अरोड़ा खत्री मेहता समाज द्वारा समाज के संस्थापक एवं आराध्य सूर्यवंशी श्री अरूट जी महाराज की जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ अरोड़वंश धर्मशाला में मनाई गई। इस अवसर पर समाज के सैकड़ों परिवारों ने उपस्थित होकर अपने पूर्वज एवं आराध्य श्री अरूट जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा ब्रह्मदास महाराज एवं परम श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी जित्वानंद महाराज द्वारा ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया गया। अमृतवाणी का पाठ हुआ, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर विजय कुमार (कुलपति, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय), अमीरचंद मेहता, भाजपा नेता एडवोकेट राकेश बब्बर (पूर्व प्रधान, अरोड़वंश समाज) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहन लाल सचदेवा परिवार एवं ओमप्रकाश मंगवाना परिवार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस अवसर पर संत-महात्माओं, मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत श्री राम किड्स केयर स्कूल द्वारा स्वागत गीत तथा सी.आर. डी.ए.वी. ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूट द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी उपस्थित जनों ने प्रशंसा की। अरोड़वंश समाज के प्रधान दीपक अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के संस्थापक सूर्यवंशी श्री अरूट जी महाराज भगवान श्री राम के कुल से संबंधित थे तथा हम सभी सूर्यवंशी परंपरा के गौरवशाली वंशज हैं। उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि धर्मशाला के निर्माण कार्य में समाज के अनेक परिवारों ने उदारतापूर्वक सहयोग दिया है, जिसके परिणामस्वरूप निर्माण कार्य निरंतर प्रगति पर है।
उन्होंने युवाओं एवं बच्चों को समाज, राष्ट्र एवं अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों, शहीदों एवं दसों गुरुओं के जीवन एवं इतिहास की जानकारी अवश्य होनी चाहिए। संस्था के महासचिव राहुल कामरा ने कार्यक्रम में पधारे संत-महात्माओं, मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों एवं समस्त समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविंद सिंह जी तक सभी गुरु अरोड़ा-खत्री परिवार से संबंधित रहे हैं तथा हमारा समाज हिन्दू-सिख एकता, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता की अद्भुत मिसाल है।
उन्होंने महान क्रांतिकारी शहीद मदन लाल धींगड़ा एवं वीर योद्धा हरी सिंह नलवा के अद्वितीय योगदान का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। मंच संचालन गौरव ग्रोवर ने किया। समारोह में समाज के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने हाई स्कूल, इंटरमीडिएट, विश्वविद्यालय तथा विभिन्न प्रतियोगी क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया। खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुभाष फुटेला, मनजीत धींगड़ा, मोहन लाल कामरा, राधा किशन मखीजा, राज कुमार अनेजा, वेद प्रकाश अनेजा, ताराचंद वधवा, ओमप्रकाश सचदेवा, सुरेंद्र सचदेवा, संजय खत्री, राज कुमार मरेजा, ईश कुमार मेहता, राज कुमार गिलोहत्रा, बलदेव तनेजा , डा. कृष्ण किशन गिलोहत्रा, जगदीश मेहता, सुरेश गिल्होत्रा, रमन मास्टर, प्रेम डोडा, कृष्ण डोडा, राजन डोडा, संदीप गाबा, सरदार नरेंद्र सिंह, अंकित आहूजा, राजीव वधवा, नरेश कटारिया, पंकज ग्रोवर, गौरव ग्रोवर, हरीश अरोड़ा सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। महिला टीम में नीरज कटारिया, रिशु अरोड़ा, नंदिता कटारिया, सुनीता सचदेवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समस्त समाज बंधुओं के लिए लंगर प्रसाद की व्यवस्था की गई।
