चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रहा है
mahednra india news, new delhi
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल लाइब्रेरी और डेटा प्रबंधन के बढ़ते दौर में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा का पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रहा है। आधुनिक तकनीकों से युक्त शिक्षण, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों के कारण विभाग तेजी से युवाओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। विभाग के विद्यार्थियों ने यूजीसी-नेट एवं जेआरएफ जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर इसकी शैक्षणिक गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।
सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल युग में जहां ज्ञान सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरा है, वहीं पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक सूचना प्रबंधन, डिजिटल लाइब्रेरी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों से जोड़कर उन्हें भविष्य के कुशल सूचना पेशेवरों के रूप में तैयार कर रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार और नैतिक मूल्यों के समन्वय के साथ विभाग ज्ञान समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
वर्ष 2023 में स्थापित पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग का उद्देश्य आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं नवीनतम तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है। विभाग विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान अभिरुचि तथा व्यावसायिक दक्षता का विकास करते हुए उन्हें पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में सफल करियर के लिए तैयार कर रहा है।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डी पी वारने ने बताया कि विभाग मुद्रित एवं डिजिटल सूचना संसाधनों के प्रभावी संगठन, प्रबंधन, संरक्षण एवं प्रसार को बढ़ावा देता है। साथ ही सूचना साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और उपयोगकर्ता-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभाग पुस्तकालयों, सूचना केंद्रों तथा विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों के साथ सहयोग स्थापित कर विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करता है।
विभाग की अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियों में अमित कुमार का पीएच.डी. में नामांकन तथा बेअंत कौर का एलपीयू विश्वविद्यालय में लैब अटेंडेंट के पद पर चयन शामिल है। विभाग में विद्यार्थियों के लिए विभागाध्यक्ष कक्ष, कार्यालय तथा दो सुसज्जित कक्षाओं सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग में वर्तमान में बी.लिब. एवं सूचना विज्ञान पाठ्यक्रम में 40 तथा एम.लिब. एवं सूचना विज्ञान पाठ्यक्रम में 30 सीटों पर प्रवेश उपलब्ध हैं। विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। छात्र अमित कुमार ने यूजीसी-नेट/जेआरएफ तथा एकता ने यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर विभाग का गौरव बढ़ाया है।
