CDLU SIRSA के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज़ के सोशल वर्क विभाग द्वारा“चैलेंजेज एंड ऑपर्च्युनिटीज इन फील्ड वर्क प्रैक्टिकम" विषय पर छात्र-संवाद सत्र का आयोजन किया गया
सिरसा 21 मई 2026। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज़ के सोशल वर्क विभाग द्वारा “चैलेंजेज एंड ऑपर्च्युनिटीज इन फील्ड वर्क प्रैक्टिकम" विषय पर छात्र-संवाद सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निर्देशन तथा यूएसजीएस के अधिष्ठाता प्रो. एम.के. किदवई के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को सोशल वर्क के क्षेत्र में फील्ड वर्क के महत्व, उससे जुड़ी चुनौतियों तथा व्यावहारिक अवसरों के प्रति जागरूक करना था।
https://mahendraindianews.com/india-news/india-news-meloni-hindi-viral-video-when-meloni-started/cid18714213.htm
विद्यार्थियों के साथ रखे गए इस संवाद-सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के सोशल वर्क विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ. सतेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल वर्क शिक्षा में फील्ड वर्क प्रैक्टिकम केवल एक अकादमिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि समुदाय के बीच जाकर कार्य करने से विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं की गहराई समझने तथा उनके समाधान के लिए व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिलता है। डॉ. सतेंद्र सिंह ने अपने व्याख्यान में फील्ड वर्क के दौरान आने वाली चुनौतियों, जैसे समुदाय से समन्वय स्थापित करना, संवेदनशील मुद्दों पर कार्य करना, नैतिक मूल्यों का पालन करना तथा सीमित संसाधनों में प्रभावी ढंग से कार्य करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक सफल सामाजिक कार्यकर्ता के लिए संवेदनशीलता, धैर्य, संवाद कौशल और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि फील्ड वर्क विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा व्यावसायिक दक्षता को मजबूत करता है। इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक कार्य विभाग के प्राध्यापक सुनील कुमार, नरेंद्र ढुल तथा चंद्रवीर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सोशल वर्क के क्षेत्र में करियर संभावनाओं एवं व्यवहारिक अनुभवों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. सतेंद्र सिंह ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। अंत में विभाग की ओर से मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया।
