SIRSA जिला उपायुक्त ने मंडी से स्टॉर्म वाटर लाइन गुजारने पर आगामी आदेशों तक सख्ती से लगाई रोक
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। दी आढ़तियान एसोसिएशन सिरसा के प्रधान प्रेम बजाज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अनाज मंडी, सिरसा के स्टॉर्म वॉटर (जल निकासी) पाइपलाइन के रूट में बदलाव करने एवं इसे अनाज मंडी के अंदर से ले जाने के बजाय शिव चौक से कबीर चौक तक जोड़ने को लेकर एक बार फिर से जिला उपायुक्त से मुलाकात की। समस्या की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त ने मंडी से स्टॉर्म वाटर पाइप लाइन डालने के काम पर आगामी आदेशों तक रोक लगा दी है।
जिला उपायुक्त ने सख्ती से मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ से कहा कि मंडी के अंदर की बजाय अगर आसपास से पाइप लाइन गुजर सकती है तो वहां से गुजारी जाए, ताकि मंडी का काम प्रभावित न हो, अन्यथा जब तक आगामी आदेश नहीं आते, तब तक काम बंद कर दो। मंडी एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज ने जिला उपायुक्त को बताया कि अनाज मंडी में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जो स्टॉर्म वॉटर पाइपलाइन दबाने की योजना बनाई गई है, उसे वर्तमान प्रस्ताव के अनुसार अनाज मंडी के मुख्य भाग के अंदर से ले जाया जाना तय हुआ है।
यदि यह पाइपलाइन मंडी के अंदर से निकाली जाती है, तो इससे गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि अभी सिरसा मंडी में गेहूं और सरसों का सीजन चल रहा है। इसलिए इस पाइपलाइन को अनाज मंडी के अंदर से ले जाने की बजाय शिव चौक से कबीर चौक तक सीधा जोड़ा जाए, क्योंकि अनाज मंडी के गेट नंबर 03 से कबीर चौक तक की सड़क लगभग 100 फुट है, जबकि मंडी के अंदर की दोनों सड़कें लगभग 850 फुट है। यह सड़क नगर पालिका के अधीन आती है और अभी तक नगर पालिका के पास कोई परमिशन नहीं है मंडी के अंदर वाली सड़क तोड़ने की, क्योंकि यह सड़क मार्केटिंग बोर्ड के आधीन आती है। वर्तमान में शिव चौक से कबीर चौक वाली सड़क पहले से ही पूरी तरह से टूटी हुई है और खस्ताहाल में है। उन्होंने कहा कि मंडी के अंदर वाली सड़कों पर मंडी की लगभग 70 दुकानें है,
जिससे मंडी के अंदर वाले मार्ग पर खुदाई करने से आढ़तियों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और एक बार सड़क पूरी तरह से नष्ट हो जाने पर प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण इसके पुनर्निर्माण में काफी लंबा समय लग जाता है। बारिश के मौसम में पूरी मंडी में पानी भरने पर फसल खराब होने का खतरा बना रहता है। साथ ही किसी बनी हुई सड़क का नुकसान नहीं होगा जबकि बारिश के मौसम में अभी तक मंडी के अंदर वाली सड़कों पर पानी की निकासी बिना किसी परेशानी से हो जाती है।
जिला उपायुक्त ने समस्या को गंभीरता से सुना और तुरंत प्रभाव से आगामी आदेशों तक पाइप लाइन कार्य बंद करने के आदेश जारी किए। इस मौके पर उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, धर्मपाल जिंदल, विनोद सुखिजा, अंकित बंसल, राजू ग्रोवर, पाल कम्बोज, भास्कर जैन, राजीव गुप्ता, मोनू कुमार, सुधीर कुमार, प्रकाश कुमार के साथ अन्य आढ़तीगण मौजूद रहे।
