home page

विधि विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक-सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन

 | 
The Law Department organized an educational-cultural tour for the students

 mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विधि विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक-सांस्कृतिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के अंतर्गत छात्रों ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़; आनंदपुर साहिब; मनाली तथा कसोल का दौरा किया। यह कार्यक्रम भारतीय ज्ञान प्रणाली के परिप्रेक्ष्य में शिक्षा एवं संस्कृति के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।


भ्रमण की शुरुआत पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ से हुई, जहां विद्यार्थियों ने न्यायालय की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस अनुभव से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया, न्यायालयीन आचरण तथा विधि के व्यावहारिक पक्ष की गहन समझ प्राप्त हुई। यह गतिविधि भारतीय न्याय परंपरा, नैतिक मूल्यों एवं संवैधानिक आदर्शों से छात्रों को जोड़ने में अत्यंत सहायक सिद्ध हुई।


इसके पश्चात समूह ने आनंदपुर साहिब का भ्रमण किया, जो ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यहां विद्यार्थियों ने सिख गुरुओं की शिक्षाओं जैसे समानता, न्याय, साहस एवं सेवा को समझा। यह अनुभव भारतीय ज्ञान प्रणाली के अंतर्गत सांस्कृतिक विरासत एवं नैतिक दर्शन से छात्रों को जोड़ने का माध्यम बना।

WhatsApp Group Join Now


भ्रमण के अंतिम चरण में छात्रों ने मनाली एवं कसोल का दौरा किया, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए प्रकृति के साथ संतुलन और सह-अस्तित्व की भावना को समझा। यह भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण के सिद्धांतों को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर था।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षणिक भ्रमणों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने तथा भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार है और ऐसे कार्यक्रम उन्हें एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने में सहायक होते हैं।


विभागाध्यक्ष डॉ. रोहताश कुमार ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक-सांस्कृतिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों से भी जोड़ते हैं।


इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के प्राध्यापक डॉ. ज्योत्सना चौधरी, डॉ. अनिल कुमार तथा डॉ. नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।