2 अगस्त को आज मानसून का होगा प्रचंड रूप, 13 प्रदेशों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
mahendra india news, new delhi
मौसम विभाग ने आज रविवार यानि 2 अगस्त को 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। असम, सिक्किम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात समेत कई राज्यों में मानसून अपना प्रचंड रूप दिखा रहा है। कई राज्यों में बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण हालात काफी खराब हो गए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पूरे सप्ताह मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में और पूर्वी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में स्थित है। ऐसे में पूर्वोत्तर, उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान जलभराव, भूस्खलन होने की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में यदि आप यात्रा कर रहे हैं, तो मौसम अपडेट जरूर पढ़ लें।
इन प्रदेशों में बारिश का अलर्ट?
मौसम विभाग ने आज रविवार यानि 2 अगस्त को कई प्रदेशों में बरसात का अलर्ट जारी किया है। इनमें पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, गुजरात, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, पूर्वी राजस्थान, कर्नाटक, केरल, मणिपुर, मेघालय , असम समेत 13 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इसके बाद इन क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।
