लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने का वादा पूरा किया जाएगा : दुग्गल
पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनीता दुग्गल ने कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार ने अपने संकल्प पत्र में प्रदेश की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें एक-एक कर पुरा किया जा रहा है। अब लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने का जो वादा किया था, उसे 25 सितंबर से पूरा किया जा रहा है। निश्चित रूप से यह योजना प्रदेश की गरीब व जरूरतमंद महिलाओं को संबल प्रदान करने का काम करेगी। इसके लिए प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी बधाई के पात्र हैं। सिरसा की पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनीता दुग्गल ने जिला भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए कही। उनके साथ इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता भी थे।
पूर्व सांसद ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना 25 सितंबर से शुरू हो रही है। प्रथम चरण में इस योजना में उन परिवार की महिलाओं को शामिल किया गया है जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। बाद में इस योजना का विस्तार किया जाएगा तथा चरणबद्ध तरीके से अन्य आयवर्ग की महिलाओं को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। योजना में महिलाओं के लिए 23 वर्ष की आयु की शर्त लगाने पर उन्होंने कहा कि कोई भी योजना जब बनाई जाती है, तब उसमें कुछ शर्तें व नियम रखे जाते हैं। बाद में उनमें सुधार होता है।
हो सकता है कि 23 वर्ष आयु की जो शर्त है, उसमें भी सुधार कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी लगातार ऐसी योजनाएं बनाकर लागू कर रहे हैं जिनका अधिकाधिक लोगों को लाभ मिल सके। सिरसा जिले में बढ़ रहे नशे के सवाल पर उन्होंने कहा कि नशा रोकने के लिए सरकार व पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में डबवाली में नशे के खिलाफ मैराथन का आयोजन किया था। डबवाली को पुलिस जिला बनाया गया है।
पुलिस की ओर से भी युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है ताकि युवा नशे की दलदल में न फंसे। साथ ही उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए सरकार व प्रशासन के साथ अभिभावकों को भी आगे आना होगा। उन्हें अपने बच्चों पर नजर रखनी चाहिए कि उनका बच्चा किस संगत में है। नशे का धंधा करने वालों की सूचना पुलिस को देनी चाहिए। यदि सब मिलकर प्रयास करेंगे तो निश्चित रूप से नशे पर रोक लगेगी। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री व उनकी मां पर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए सुनीता दुग्गल ने कहा कि प्रधानमंत्री व उनकी मां को गाली देना कांग्रेस की कल्चर बन गई है। कांग्रेस के नेता एक ऐसे जनप्रिय नेता को गालियां दे रहे हैं जिन्हें देश की जनता प्यार करती है। पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा की देश-प्रदेश की सरकार जनता के हित में काम कर रही है। इसी कारण जनता ने भाजपा को तीसरी बार सत्ता सौंपी है।
