ग्रामीण प्रगति सीनियर सैकेंडरी स्कूल भुर्टवाला का परिणाम रहा शत-प्रतिशत
mahendra india news, new delhi
ग्रामीण प्रगति सीनियर सैकेंडरी स्कूल, भुर्टवाला ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा जगत में अपनी विशेष पहचान बनाई है। विद्यालय के संचालक लाल चंद धायल एवं प्राचार्या रमना धायल ने बताया कि विद्यालय के कुल 87 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 18 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जबकि 33 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के मेधावी छात्र आदित्य पुत्र राजेन्द्र बराला ने 500 में से 489 अंक प्राप्त कर 97.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। आदित्य ने न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि जिला सिरसा में सातवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव भी बढ़ाया। इसी प्रकार भावना पुत्री सतीश फोगाट तथा जाह्नवी पुत्री कुलदीप सिंह ने 487/500 अंक प्राप्त कर 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं हिमांशी पुत्री सुनील कुमार सिहाग ने 485/500 अंक प्राप्त कर 97 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के संचालक लाल चंद धायल एवं प्राचार्या रमना धायल ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा विद्यालय स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम बेहतर करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करना है।
