home page

अयोध्या में प्रभु श्री राम के चंदे में हुई चोरी से देश-विदेश के करोड़ों राम भक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची: डॉ. सुशील गुप्ता

 | 
The theft of donations meant for Lord Shri Ram in Ayodhya has deeply hurt the sentiments of millions of devotees across the country and abroad: Dr. Sushil Gupta

mahendra india news, new delhi
सिरसा/चंडीगढ़। अयोध्या स्थित भगवान श्री राम मंदिर के पावन चंदे में हुई हेराफेरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी ने हरियाणा की धरती से एक बड़े धार्मिक व वैचारिक आंदोलन की शुरूआत कर दी है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने मंगलवार को फतेहाबाद से देश के प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर 'चंदा चोरों को कड़ी सजा' दिलवाने हेतु महा-हस्ताक्षर अभियान का शंखनाद किया।

इसके बाद वे सिरसा पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस आंदोलन के तहत जिस पत्र पर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, वह मूल रूप से एक सामान्य नागरिक के रूप में लिखा गया बेहद भावुक और आक्रोशित पत्र है। इस पत्र के माध्यम से राम भक्तों की पीड़ा और उनके विश्वास को लगी ठेस को सीधे देश के माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष रखा गया है।


भक्तों की अटूट श्रद्धा और त्याग का अपमान:
पत्र में उल्लेख किया गया है कि देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी छोटी-बड़ी बचत, और कई लोगों ने तो अपने पूरे जीवन की जमा-पूंजी श्री राम मंदिर के निर्माण हेतु दान कर दी थी। अधिकांश भक्तों ने रसीद तक नहीं मांगी, क्योंकि उनका मानना था कि यह भगवान का घर है और यहां हिसाब की कोई आवश्यकता नहीं है। परंतु आज उस पवित्र विश्वास को भारी ठेस पहुंची है।

WhatsApp Group Join Now


ट्रस्ट की भूमिका और सरकार की चुप्पी पर सवाल: पत्र में सीधे तौर पर सवाल उठाया गया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से संबंधित हर कार्य प्रधानमंत्री जी की देखरेख में आगे बढ़ा और इसके सदस्यों की नियुक्ति व्यक्तिगत स्तर पर की गई। इन सदस्यों को प्रधानमंत्री का बेहद करीबी माना जाता है। ऐसे में, इतने बड़े स्तर पर बेईमानी होने के बावजूद प्रधानमंत्री जी की चुप्पी से राम भक्त बेहद आहत हैं।


पुराने घोटालों और कमीशनखोरी का जिक्र:
वर्ष 2021 से पहले से ही ट्रस्ट में जमीनों के घोटाले और निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत तक की कमीशनखोरी की खबरें मीडिया में प्रमुखता से आती रही हैं। श्रद्धालुओं को यह उम्मीद थी कि यह सब मोदी जी के संज्ञान में होगा और वे किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेंगे, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


दोषियों को बचाने का प्रयास और दिखावटी जांच का आरोप:
हालिया घटनाक्रम से भक्तों के विश्वास को गहरा धक्का लगा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भगवान के साथ छल करने वाले दोषियों को सजा दिलाने के बजाय उन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसआईटी जांच और एफआईआर की प्रक्रिया मात्र लोगों की आंखों में धूल झोंकने और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश जैसी लग रही है, जहां छोटे कर्मचारियों को पकड़कर बड़े चेहरों को बचाया जा रहा है।


फांसी की सजा की मांग:
पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुरजोर अपील की गई है कि वे ऐसा अधर्म न होने दें। भगवान राम के मंदिर के चंदे से चोरी करने वाले महापापियों को सरेआम फांसी की सजा दी जानी चाहिए, क्योंकि उन्हें बचाना महापाप है।
हनुमान चालीसा पाठ और आरती से पवित्र शुरूआत:
इस पावन अभियान की शुरूआत बेहद भक्तिमय माहौल में हुई। फतेहाबाद में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और भारी संख्या में एकत्रित हुए आम जनमानस ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके उपरांत प्रभु श्री राम जी और संकटमोचन श्री हनुमान जी की आरती उतारी गई। आरती के बाद वहां उपस्थित भावुक और आक्रोशित राम भक्तों ने प्रधानमंत्री को भेजे जाने वाले इस पत्र पर हस्ताक्षर कर इस मुहिम को अपना पूर्ण समर्थन दिया। भगवान श्री राम का मंदिर केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के सनातनियों की अटूट श्रद्धा, पवित्रता और न्याय का सर्वोच्च प्रतीक है। ऐसे पावन स्थान और प्रभु के दान में डकैती डालने वालों का कृत्य अक्षम्य है। जब तक राम के घर में चोरी करने वाले इन महापापियों को सरेआम फांसी की सजा नहीं मिल जाती, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।


हर गांव, हर जिले में गूंजेगा हनुमान चालीसा का पाठ:
करोड़ों भक्तों की आहत भावनाओं का जिक्र करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने हरियाणा की धर्मपरायण जनता से एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया के राम भक्त इस छल से गहरे सदमे और पीड़ा में हैं। केंद्र की सरकार पापियों को संरक्षण देना बंद करे, क्योंकि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को ईश्वर भी माफ नहीं करता। उन्होंने संकल्प लेते हुए घोषणा की कि आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रत्येक जिले, कस्बे और गांव में श्री हनुमान चालीसा के पाठ और आरती का आयोजन करेगी। इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर सनातनी को आमंत्रित किया जाएगा। लाखों की संख्या में हस्ताक्षर युक्त पत्र सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी।

धार्मिक अनुष्ठान में शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति फतेहाबाद में आयोजित इस विशाल धार्मिक-कार्यकर्ता सम्मेलन और सिरसा में हुई संगठनात्मक बैठक के दौरान भक्तों और कार्यकतार्ओं का हुजूम उमड़ पड़ा। डॉ. गुप्ता का भव्य स्वागत पारंपरिक तौर पर किया गया। इस पावन संकल्प सभा में मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री अशवनी दुल्हेड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर लोहान, गुरविंदर गरजा (जिला अध्यक्ष, फतेहाबाद), कुलदीप गदराना लोकसभा अध्यक्ष, हरपिंदर हैप्पी (जिला अध्यक्ष, सिरसा),  शाम लाल मेहता, कविता नागर, बलविंद्र बराड़, धर्मपाल लाट, हंस राज सामा, डा. सुकेश अरोड़ा, मा. हरबन्स लाल, मलकीत सिंह, राजेश मालिक, सतीश रिछपाल, हरकिरत, राज सिंह कंग, दर्शन कौर, रानी देवी, सरोज मानव, गोबिंद शर्मा, दरिया सिंह, जगतार, कश्मीर सिंह, हनुमान जांदू, मनीष अरोड़ा, प्रदीप सचदेवा, प्रमोद वधवा, महाबीर कंडेला, सतमान कम्बोज, सरवन सिंह, सुरजीत सिंह, राजू बिश्नोई, रणजीत कम्बोज, बिंदर मिठड़ी सहित सैकड़ों की संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति और धर्मनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी दिनों में इस धर्म-युद्ध और राष्ट्र-भक्ति की मुहिम को हरियाणा के घर-घर तक पहुंचाने का अटूट संकल्प लिया।