नाथूसरी चौपटा के दयानंद स्कूल की अंडर-14 वॉलीबॉल टीम ने जीता CBSE नेशनल गोल्ड, करण चौटाला ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
mahendra india news, new delhi
सीबीएसई नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में दयानंद स्कूल नाथूसरी चौपटा की अंडर-14 वॉलीबॉल टीम के शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर लौटने पर टीम के सम्मान में दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथूसरी चौपटा में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष करण चौटाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सतबीर ढिढारिया बी ई ओ, कुलवंत बालयान फाउंडर वालीबॉल चैंपियंश लीग, सुबेसिंह सेक्रेट्री हरियाणा वालीबॉल एसोसिएशन, रीटा कासनिया सरपंच नाथूसरी कलां ने शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ियों, कोच विकास बादल,नरेश ढाका, मेंटर मुकेश कासनिया एवं टीम से जुड़े सभी सदस्यों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आरती बिजारणियां (नहराणा), ज्योति (जमाल), प्रियंका (रुपावास), मनोज करवासरा (बकरियांवाली), विक्रम (तरकांवाली) क्षेत्र के इन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
मुख्य अतिथि चौधरी करण चौटाला ने खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्या ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पूरे विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों की मेहनत, कोच के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के सहयोग से यह सफलता हासिल हुई है। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग भंगङे के साथ किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।
