कत्था के साथ ये मिला कर करते थे देसी अंडे तैयार, खाद्य विभाग की टीम ने 4.53 लाख रंगे अंडे के साथ किया पकड़ा
सर्दी की ठंड का असर बढऩे लगा है। ऐसे में अंडों की डिमांड भी बढऩे लगी है। मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के रामपुर दोराहा बरवारा मझरा में कृत्रिम रंग लगाकर देसी अंडा बनाने वाले गोदाम पर सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने गोदाम में कुल 4.53 लाख रंगे अंडे, 3.56 लाख सफेद अंडे, जिन्हें रंगने के लिए रखा हुआ था। अंडों को सीज कर दिया। बता दें कि इन दिनों बाजार में एक सफेद अंडा 8 से 9 रुपये और देसी अंडा 20 रुपये में बेचा जा रहा है।
अंडों का अनुमानित मूल्य करीबन 3.89 लाख रुपये बताई गई। अंडा गोदाम पर सुबह के तीन बजे कार्रवाई की गई थी। जानकारी से पता चला कि अंडो को कत्था, चायपत्ती और सिंदूर के घोल से रंगा जा रहा था। टीम पिछले कई दिनों से गोदाम की रेकी कर रही थी।
सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके यादव, प्रजन सिंह, पुलिस के साथ काशीपुर रोड रामपुर दोराहा बरवारा मझरा में अंडा गोदाम पर छापेमारी की गई। इस दौरान गोदाम में बड़ी संख्या में सफेद अंडों को कृत्रिम रंग (आर्टिफिशियल रंग) से रंगकर उन्हें देसी अंडों जैसा रूप दिया जा रहा था।
रंगाई की प्रक्रिया गोदाम के अंदर ही खुले में की जा रही थी। खाद्य गुणवत्ता मानकों का कोई पालन नहीं किया जा रहा था। इसके बाद गोदाम में पहुंची अधिकारियों की टीम ने मौके पर रंगे हुए अंडे, रंगाई में उपयोग होने वाला रंग और सफेद अंडों का ढेर बरामद किया जो, रंगे जाने के लिए तैयार रखे गए थे। मौके से मिले रासायनिक पदार्थों कत्था, चायपत्ती और सिंदूर को जब्त कर लिया।
