home page

जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर खरक पांडवा के पास हादसे में तीन की मौत, ट्रक में 8 क्विंटल डोडापोस्त पकड़ा

 | 
Three killed in an accident near Kharak Pandwa on the Jammu-Katra Expressway; 8 quintals of poppy husk seized from a truck

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में कैथल से हैं। जानकारी के अनुसार गांव खरक पांडवा के पास जम्मू-कटरा हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। हाईवे के किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रक को पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस सडक़ हादसे में 3 व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

इस हादसे में मारे गये मृतकों की पहचान जींद जिले के उचाना निवासी ट्रक मालिक अनिल कुमार, गांव खरक पांडवा निवासी ट्रक मैकेनिक रामनिवास और टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक के रूप में हुई है। वहीं मैकेनिक का हेल्पर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, ट्रक मालिक अनिल कुमार दिल्ली से ट्रक लेकर आ रहा था। इस दौरान रास्ते में उसके ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उसने गांव खरक पांडवा के पास जम्मू-कटरा हाईवे के किनारे ट्रक खड़ा कर दिया और गांव के मैकेनिक रामनिवास को फोन कर ट्रक ठीक करने के लिए मौके पर बुलाया।

WhatsApp Group Join Now

रामनिवास अपने हेल्पर के साथ मौके पर पहुंचा और ट्रक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने सडक़ किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 3 व्यक्तियोंं की मौत हो गई, जबकि मैकेनिक का हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया।

छिपाकर रखा था डोडापोस्त
इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक की जांच की तो उसमें कच्चे केले भरे हुए मिले। पुलिस को ट्रक में करीब 40 कट्टों में छिपाकर रखा गया लगभग 8 क्विंटल डोडापोस्त भी बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस सडक़ दुर्घटना की सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घायल हेल्पर का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

कलायत थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए समान्य अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस ने ट्रक से बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। इस केस की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।