नाथूसरी चौपटा हादसे में तीन युवकों की मौत, उजड़ा परिवार का सहारा, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा में गांव नहराना के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे हुए भीषण सडक़ हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों का आज सिरसा के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतकों में जान गंवाने वाले तीन युवकों में ढाणी गोपाल निवासी 28 साल कुलदीप सिंह भी शामिल था। भट्टू की ओर से आ रही टियागो कार सडक़ किनारे खड़ी तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। बता दें कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुलदीप की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। वह घर में कमाने वाला इकलौता व्यक्ति था। उसका बड़ा भाई संदीप जन्म से पोलियो ग्रस्त होने के कारण दिव्यांग है। पिता ओमप्रकाश और मां इंदिरा देवी खेतीहर मजदूरी करते हैं। दोनों हिस्से पर जमीन लेकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। करीब छह साल पहले कुलदीप की शादी सीमा देवी से हुई थी। उसके दो बेटे 6 साल का हार्दिक और 4 साल आशीष हैं, जिन्हें अब पिता का प्यार नसीब नहीं होगा।
परिवार के लिए यह दुर्घटना सा इसलिए भी असहनीय है कि दिवाली पर कुलदीप घर आया था। उसने अपने दोनों बेटों के लिए मिठाई और पटाखे खरीदे थे और परिवार के साथ खुशियां मनाई थीं। अगले ही दिन वह बायो एनर्जी प्लांट में नौकरी पर चला गया, लेकिन किसे पता था कि वह कभी लौटकर नहीं आएगा। समाचार लिखे जाने तक कुलदीप का शव गांव नहीं पहुंचा था। परिजन और ग्रामीण उसके अंतिम दर्शन के इंतजार में थे।
