टूर एडवेंचर और लर्निंग का अनोखा संगम: प्रो. जय प्रकाश मनाली की वादियों में जेसीडी विद्यार्थियों का रोमांचक शैक्षणिक सफर
Tour a unique confluence of adventure and learning: Prof. Jai Prakash
JCD students' exciting educational journey through the valleys of Manali
सिरसा 14 अप्रैल 2026: जेसीडी विद्यापीठ के अंतर्गत संचालित जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के विद्यार्थियों द्वारा मनाली की मनोहारी वादियों में एक रोमांचक एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस भ्रमण में 47 विद्यार्थियों ने प्राध्यापक डॉ. रवि चौधरी एवं डॉ. रेनू कंबोज के मार्गदर्शन में भाग लेते हुए न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, बल्कि विभिन्न साहसिक गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का बहुआयामी विकास भी किया।
जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन के अनुभवों से जोड़ना भी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता तथा टीम वर्क की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शैक्षणिक टूर वास्तव में एडवेंचर और लर्निंग का अनोखा संगम होते हैं, जो विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों के लिए तैयार करते हैं।
जेसीडी आईबीएम के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मनाली पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्वागत ठंडी हवाओं, बर्फ से आच्छादित पहाड़ियों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों ने किया। विश्राम के पश्चात विद्यार्थियों ने हिडिंबा मंदिर एवं माल रोड का भ्रमण किया, जहां उन्होंने स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन शैली को निकट से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अटल टनल और कोकसर वैली का दौरा किया, जहां बर्फबारी के बीच अद्भुत नजारों ने सभी को रोमांचित कर दिया। यहां विद्यार्थियों ने स्कीइंग और मोटर स्नो स्कूटर जैसी साहसिक गतिविधियों में भाग लेकर उत्साह और साहस का परिचय दिया। चारों ओर हंसी-खुशी और उमंग का वातावरण देखने को मिला।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने पराशर वॉटरफॉल की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। रेड वाइल्ड एडवेंचर कैंप में आयोजित कैंपिंग के दौरान विद्यार्थियों ने प्रतिकूल मौसम के बावजूद पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
टेंट में रात्रि विश्राम कर उन्होंने एक नया और रोमांचक अनुभव प्राप्त किया, जो उनके लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।
भ्रमण का मुख्य आकर्षण पैराग्लाइडिंग और रिवर राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियां रहीं। विद्यार्थियों ने आसमान में उड़ान भरते हुए पैराग्लाइडिंग का अद्भुत अनुभव प्राप्त किया, वहीं नदी की तेज धाराओं के बीच रिवर राफ्टिंग ने उनके रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया।
शिक्षकों ने भी इन गतिविधियों में भाग लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रेरित किया।
पूरे भ्रमण के दौरान डॉ. रवि चौधरी एवं डॉ. रेनू कंबोज ने विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन किया और सभी गतिविधियों को सुरक्षित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यार्थियों ने इस यात्रा को अपने जीवन की सबसे यादगार, रोमांचक और सीख से भरपूर यात्राओं में से एक बताया। भ्रमण के उपरांत यह उत्साह और मधुर स्मृतियों से भरा दल सुरक्षित रूप से जेसीडी विद्यापीठ, सिरसा लौट आया। यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के लिए रोमांच, अनुभव और जीवनभर संजोकर रखने योग्य अमूल्य यादों का खजाना सिद्ध हुई।
