शादी समारोह में दर्दनाक हादसा, बज रहे डीजे में अचानक आया करंट, 5 बच्चे झुलसे
बड़ी खबरों में राजस्थान से हैं। डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर गांव में वीरवार को शादी समारोह में दर्दनाक हादसा हो गया। इस शादी समारोह में अचानक उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब वहां बज रहे डीजे यानि वाद्य यंत्र में करंट आ गया। इस दौरान कार्यक्रम देख रहे 5 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद शादी समारोह में हडक़ंप मच गया।
इसके बाद तो आनन फानन में गंभीर रूप से झुलसे बच्चों को उपचार के लिए नगर अस्पताल में ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर दो बच्चों को अलवर के जिला अस्पताल भर्ती करवाया गया।
झुलसे बच्चों के स्वजन ब्रजकिशोर ने बताया कि नियामतपुर गांव में उनके स्वजन में शादी समारोह चल रहा था. इस दौरान वहां डीजे बज रहा था और आसपास परिवार के बच्चे एवं अन्य लोग कार्यक्रम देख रहे थे. उसी समय डीजे में अचानक करंट आ गया. उन्होंने बताया कि डीजे के उपर 11 हजार केवी की विद्युत लाइन जा रही थी, लेकिन डीजे में करंट किससे लगा, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है.
उन्होंने बताया कि घटना के वक्त परिजन वहां मौजूद नहीं थे, लेकिन जैसे ही डीजे से बच्चों में करंट लगने की सूचना मिली, परिजन तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और आनन फानन में करंट से झुलसे बच्चों को अस्पताल लेकर गए. अस्पताल में झुलसे बच्चों का प्राथमिक इलाज किया गया और गंभीर रूप से झुलसे 2 बच्चों को चिकित्सकों ने अलवर के जिला अस्पताल में रेफर कर दिया.
परिजन ब्रजकिशोर ने बताया कि झुलसे तीन बच्चों का अभी समीपवर्ती नगर कस्बे के अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 2 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती बच्चे बादल और अंकित हैं. उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में बच्चों का उपचार जारी है.
