CDLU SIRSA में प्रशिक्षण एवं विकास तथा एचआर टूलकिट पुस्तक का विमोचन
Training & Development and HR Toolkit Book Released at CDLU SIRSA
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के प्रबंधन विभाग की प्रोफेसर आरती गौड़ की मानव संसाधन (एचआर) विषय पर लिखित दो पुस्तकों “प्रशिक्षण एवं विकास” तथा “एचआर टूलकिट” का विमोचन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार द्वारा किया गया।
प्रो. विजय कुमार ने प्रो. आरती गौड़ एवं डॉ. कमल प्रीत कौर को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने लेखिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इन पुस्तकों को एचआर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान बताया।
लेखिका प्रो. आरती गौड ने बताया कि पुस्तक “प्रशिक्षण एवं विकास” में प्रशिक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया, विभिन्न प्रशिक्षण तकनीकों तथा उनके व्यावहारिक पक्षों को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा प्रशिक्षण से जुड़े पेशेवरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
वहीं पुस्तक “एचआर टूलकिट” में मानव संसाधन प्रबंधन से संबंधित प्रमुख शब्दों, अवधारणाओं एवं प्रक्रियाओं को सरल एवं सहज भाषा में समझाया गया है, जिससे पाठक विषयवस्तु को आसानी से आत्मसात कर सकें। इस अवसर पर शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रो. सुशील, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार सलार, चेयरपर्सन प्रो. संजीत, विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंगला तथा संकाय सदस्य डॉ. रजनीश अहलावत उपस्थित रहे।
