CDLU SIRSA में तनाव प्रबंधन एवं टीम समन्वय विषय पर ट्रेनिंग प्रोग्राम
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूकोप कार्यालय द्वारा गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं टीम समन्वय विषय पर दो दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ टैगोर लेक्चर थिएटर में हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, कार्यस्थल पर तनाव को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करना तथा संगठनात्मक दक्षता और प्रभावशीलता को बढ़ाना रहा।
पहले दिन मुख्य वक्ता के रूप में गुरुग्राम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के कुलसचिव डॉ संजय अरोड़ा ने शिरकत की। मुख्य वक्ता डॉ संजय अरोड़ा ने विषय का परिचय देते हुए तनाव प्रबंधन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अच्छे तनाव और खराब तनाव के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि सही दिशा में लिया गया तनाव कार्य निष्पादन को बेहतर बनाता है, जबकि नकारात्मक तनाव उत्पादकता को प्रभावित करता है।
उन्होंने टीम के सदस्य के रूप में कार्य करने, अनुशासन बनाए रखने, समन्वय और सहयोग की भावना विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर कार्य की प्रभावशीलता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
इस प्रोग्राम में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने भाग लिया और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से तनाव प्रबंधन एवं टीम समन्वय के उपयोगी सूत्र सीखे। मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए यूकोप के निदेशक प्रो. सुल्तान सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के दिशा निर्देशन में एवं कुलसचिव डॉ सुनील कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों की कार्यक्षमता, अनुशासन और आपसी सहयोग को सुदृढ़ करते हैं।
