हरिद्वार में श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान, 21 स्टेशनों के साथ शुरू होगी पॉड टैक्सी परियोजना
mahendra india news, new delhi
हरिद्वार में लोगों का आना जाना लगा रहता है। इससे हमेशा भीड़ रहती है। अब हरिद्वार के अंदर आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। हरिद्वार के अंदर ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से विकसित होने वाली इस पीआरटी (पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) के तहत हरिद्वार के अंदर 21.08 किलोमीटर लंबे 3 कॉरिडोर बनेंगे।
हरिद्वार दर्शन के तहत इन पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी अस्पताल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा।
इस पर 4 स्टेशन होंगे। 3 रा कारिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर 2 स्टेशन प्रस्तावित हैं। पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी।
हरिद्वार दर्शन के तहत परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसी के साथ ही निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप 2 हेक्टेयर अस्थायी भूमि पांच साल के लिए चिह्नित की गई है।
काम शुरू नहीं करने पर एनएचआईडीसीएल पैनल से बाहर
उतराखंड के 5 जिलों में आटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग के निर्माण कार्य आवंटित होने के बावजूद लंबे वक्त तक कार्य शुरू नहीं करने पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया है। संस्था को जारी धनराशि के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने को इसका आधार बनाया गया है।
