सिरसा में दिव्यांग व्यक्ति को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार
सिरसा साइबर थाना सिरसा पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक 100 फीसद दिव्यांग व्यक्ति से 6,91,200 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र सतबीर सिंह निवासी गांव बुधेना, सेक्टर-86 बरोली, फरीदाबाद तथा राहुल शर्मा पुत्र पप्पू शर्मा निवासी डी-526 अजरौंदा, फरीदाबाद हाल सेक्टर-86, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारन ने बताया कि गांव बीरुवाला गुढ़ा, तहसील कालांवाली, जिला सिरसा निवासी चेतराम पुत्र रामप्रसाद ने दिनांक 2 अक्टूबर 2025 को साइबर थाना सिरसा में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बिजली का करंट लगने के कारण 100 प्रतिशत दिव्यांग है। 18 अगस्त 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात महिला का संदेश आया, जिसने स्वयं को अमेरिका निवासी विधवा बताते हुए सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा की अनुयायी होने का दावा किया। महिला ने बताया कि उसने मैरिज वेबसाइट पर उसकी प्रोफाइल देखी है और वह उससे विवाह करना चाहती है।
विश्वास में लेने के उद्देश्य से महिला ने पीड़ित से उसका घर का पता, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर प्राप्त कर लिया। 21 अगस्त को महिला ने विदेश से गिफ्ट बैग भेजने की बात कही। 23 अगस्त को एक अन्य महिला ने स्वयं को दिल्ली एयरपोर्ट से बताकर कॉल की और कहा कि उसके नाम अंतरराष्ट्रीय पार्सल आया है, जिसके कस्टम व अन्य शुल्क के रूप में 26,500 रुपये जमा करवाने होंगे। आरोपियों द्वारा भेजे गए येस बैंक खाते में पीड़ित ने राशि ट्रांसफर कर दी।इसके बाद विभिन्न बहानों से लगातार पैसों की मांग की जाती रही। शादी और गिफ्ट के नाम पर झांसा देकर ठगों ने कुल 6,91,200 रुपये की ठगी कर ली।
जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। पुलिस टीम ने फरीदाबाद में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संबंधित बैंक खातों के अकाउंट होल्डर थे और लालच में आकर अपने खाते अन्य व्यक्तियों को उपयोग के लिए उपलब्ध करवा दिए थे। आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।सिरसा पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और अपनी निजी व बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
