home page

CDLU SIRSA में दो दिवसीय स्टूडेंट क्रिएटर वर्कशॉप

 | 
Two day Student Creator Workshop at CDLU SIRSA

Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग एवं पब्लिक मीडिया टेक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय स्टूडेंट क्रिएटर वर्कशॉप का शुभारंभ शुक्रवार को हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व कुलपति पत्रकारिता यूनिवर्सिटी भोपाल एवं वर्तमान में भारतीय चित्र साधना के अध्यक्ष प्रोफेसर बृज किशोर कुठियाला द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. विजय कुमार द्वारा की गई।


मुख्य अतिथि प्रो. बी. के. कुठियाला ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक किया और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट के रूप में अपनी भूमिका को समझने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सूचना के प्रसार में तथ्यों की सटीकता अत्यंत आवश्यक है, कौन-से तथ्य प्रस्तुत करने हैं और उन्हें किस प्रकार सामने लाना है, यह समझना जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सोशल मीडिया कंटेंट की रचनात्मकता में तथ्यात्मकता का समावेश अनिवार्य है। उन्होंने “सत्यम, शिवम, सुंदरम” के सिद्धांत पर आधारित होकर राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कंटेंट निर्माण करने तथा अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखने का संदेश दिया।

WhatsApp Group Join Now


अध्यक्षीय संबोधन में कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया जनमत निर्माण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने विभिन्न धारावाहिकों का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार मीडिया के माध्यम से राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्र विरोधी जैसे विषयों को प्रस्तुत किया जाता रहा है। उन्होंने कार्यशाला में तथ्यपरकता के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों के साथ समाज के उत्थान हेतु कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में यह समझना आवश्यक है कि क्या करना है, कब करना है और कितना करना है ? और यही सफलता का आधार है।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं कुलगीत के साथ हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. सेवा सिंह बाजवा ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं अतिथियों का परिचय एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अमित द्वारा प्रस्तुत किया गया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रविंदर द्वारा प्रस्तुत किया गया। मंच का संचालन शोधार्थी डिंपल द्वारा किया गया।