सद्भावना दिवस के रूप में मनाया केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल का जन्मदिन, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का जन्मदिन आज सिरसा में सद्भावना दिवस के रूप में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सिरसा के हिसारिया बाजार स्थित ॥रुक्क, क्चछ्वक्क, हृष्ठ्र कार्यालय में मनोहर लाल के जन्मदिन के उपलक्ष में हवन यज्ञ हुआ। साथ ही विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के संयोजन में यह कार्यक्रम हुए। वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने समर्थकों सहित हवन यज्ञ में आहुति डाली।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। इसके बाद रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में 100 यूनिट रक्त स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एकत्रित किया। कार्यक्रम के अंत में रक्तदाताओं व स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने यज्ञ में आहुति डालकर मनोहर लाल खट्टर की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में उनके दीर्घ जीवन और निरंतर जनसेवा के लिए प्रार्थना की।
बीजेपी नेता गोबिंद कांडा ने अपने संबोधन में कहा कि मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा प्रदेश में डिजिटल क्रांति लाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा देशभर में डिजिटल कार्यों के मामले में अग्रणी राज्य बन चुका है। सरकारी योजनाओं को ऑनलाइन लागू करने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने में उनकी नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पहले जहां लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, वहीं अब डिजिटल सिस्टम के माध्यम से घर बैठे ही अधिकांश कार्य संभव हो गए हैं। यह बदलाव न केवल पारदर्शिता लाया है बल्कि भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगाने में कारगर साबित हुआ है। गोबिंद कांडा ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश में ‘पर्ची और खर्ची’ की व्यवस्था को समाप्त करने का साहसिक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यह वही व्यवस्था थी, जिसके कारण योग्य युवाओं को नौकरी पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन उनकी नीतियों ने इस व्यवस्था को खत्म कर मेरिट आधारित प्रणाली को मजबूत किया। उन्होंने आगे कहा कि मनोहर लाल की नीतियों को केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों ने भी अपनाया है। यह उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनकी नीतियों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। गोबिंद कांडा ने सिरसा के विकास में मनोहर लाल खट्टर के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सिरसा में सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि समान विकास की नीति के चलते ही मनोहर लाल आज जन-जन के प्रिय नेता बन चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय मंत्री के रूप में अब मनोहर लाल खट्टर का उद्देश्य पूरे देश की सेवा करना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे इसी प्रकार देश और समाज की सेवा करते रहेंगे और भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान देते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर के कार्यों के चलते हरियाणा प्रदेश आज प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हर एक पैसे का हिसाब रखा और ईमानदारी के साथ शासन चलाया। यही कारण है कि आज जनता उन्हें एक साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में देखती है। इस अवसर पर भगवान से प्रार्थना की गई कि मनोहर लाल खट्टर की आयु लंबी हो और वे देशभर में विकास और तरक्की के कार्य करते रहें।
गोबिंद कांडा ने हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनाव परिणामों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की विकासपरक नीतियों पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि पांच में से तीन राज्यों में भाजपा की सरकार बनना इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास चाहती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की प्रचंड जीत पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बधाई दी और कहा कि यह जीत संगठन की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
इस मौके पर हरियाणा लोकहित पार्टी के जिलाध्यक्ष जयसिंह कुसुम्बी, नगर परिषद के अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप, भाजपा नेता एवं पार्षद राजन शर्मा, पार्षद हेमकांत शर्मा, मोहित जोशी, महाराजा अग्रसेन स्कूल चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान अनिल गनेरीवाला, भाजपा नेता सुरेश पंवार, सुदेश पचारख्, सुरेंद्र महरिया, इंदोश गुजर, पहलवान राजकुमार, नवधीश गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे
