home page

गांव कागदाना में चलाया टीकाकरण अभियान, टीकाकरण से महिलाओं में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को रोका जा सकता है

 | 
Vaccination drive launched in village Kagadana; vaccination can prevent serious diseases like cancer in women
mahendra india news, new delhi

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूसरी चौपटा के  गांव कागदाना के स्वास्थ्य केन्द्र में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को टीके लगाए गए। इस मौके पर नाथूसरी चौपटा के BDPO डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा व गांव के सरपंच प्रतिनिधि मांगेराम बेनीवाल मौजूद रहे।

यह अभियान बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किशोरियों ने भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीके के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
बीडीपीओ डा. स्टालीन सिद्वार्थ सचदेवा ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीवी एक वायरस है जो मुख्य रूप से महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) का प्रमुख कारण बनता है। यह संक्रमण अक्सर बिना किसी लक्षण के फैलता है और समय के साथ गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है। इसी कारण कम उम्र में ही इस वायरस से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है और शरीर में वायरस के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित करता है। यह भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे को काफी हद तक कम करता है। किशोरावस्था में लगाया गया टीका अधिक प्रभावी माना जाता है।

WhatsApp Group Join Now


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि समय पर टीकाकरण से महिलाओं में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान में अवश्य शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके।