home page

राष्ट्रीय एकता शिविर के तीसरे दिन विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन

 | 
Various educational and cultural activities were organised on the third day of the National Integration Camp

mahendra india news, new delhi
CDLU, सिरसा में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) निदेशालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर के तीसरे दिन विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सीडीएलयू के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. विक्रम सिंह ने साइबर क्राइम और उससे बचाव विषय पर व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए युवाओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, फिशिंग और सोशल मीडिया ठगी जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी। प्रो. विक्रम ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए।


इससे पूर्व जयपुर के सुबोध मेमोरियल कॉलेज के पॉलिटिकल साइंस के प्राध्यापक व राष्ट्रपति अवार्डी डॉ कपिल आनंद ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और यदि युवाओं को सही दिशा एवं अवसर मिले तो वे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने पर्सनॅलिटी डेवलपमेंट के विभिन्न टिप्स प्रतिभागियों को दिया।  


शिविर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए एनएसएस समन्वयक डॉ. रोहताश ने बताया कि राष्ट्रीय एकता थीम पर आधारित इस शिविर में देश के 16 राज्यों से आए एनएसएस स्वयंसेवक व इनके प्रोग्राम ऑफिसर्स भाग ले रहे हैं। सभी प्रतिभागी अपने-अपने राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को साझा कर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवकों ने अपने-अपने प्रदेश की लोक संस्कृति, नृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने भारत की विविधता में एकता की अनूठी झलक प्रस्तुत की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को समझने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी सुदृढ़ हो रही है। एनएसएस निदेशालय, नई दिल्ली के फील्ड ऑफिसर मनोज कुमार भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शिविर में उपस्थित रहकर गतिविधियों का अवलोकन कर रहे हैं। इस अवसर पर नई दिल्ली से डॉ अमरेन्द्र आर्य, उत्तर प्रदेश से डॉ जनमेजय शुक्ला आदि उपस्थित थे। 

WhatsApp Group Join Now