विदेशी नंबरों से धमकी भरी कॉल्स, फिरौती मांगने वालों को वेरिफाई कर उनके नेटवर्क का पर्दाफाश करें :- आईजपी कुलदीप सिंह ।
Mahendra india news, new delhi
सिरसा..... हिसार रेंज के माननीय पुलिस महानिरीक्षक श्री कुलदीप सिंह ने बुधवार को बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन सिरसा के प्रशासनिक भवन में पहुंचकर जिला पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी एवं अपराध शाखा प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है और इसके लिए पुलिस को सक्रिय, सतर्क तथा तकनीकी रूप से सक्षम होकर कार्य करना होगा।
आईजीपी कुलदीप सिंह ने अंतर-राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपराध रोकथाम के लिए मजबूत रणनीति अपनाते हुए आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध करवाई जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाली सीएम विंडो, जनसंवाद एवं अन्य शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित व्यक्ति को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस की सकारात्मक छवि समाज में स्थापित हो।बैठक में विदेशी नंबरों से आने वाली धमकी भरी कॉल्स, फिरौती मांगने तथा संगठित अपराध से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
आईजीपी कुलदीप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में तुरंत साइबर सेल की सहायता लेकर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाले जाएं और आरोपियों की लोकेशन, पहचान व नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशी नंबरों से फिरौती अथवा धमकी भरी कॉल्स आने की घटनाओं पर तुंरत संज्ञान लें धमकी भरी कॉल्स आने वाले व्यक्ति को “अभेद” एप डाउनलोड करवाकर उसकी साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करें। नशा तस्करी को समाज के लिए गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस को विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करना होगा।
साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।।इस अवसर पर एसपी दीपक सहारन ने पुलिस महानिरीक्षक को विश्वास दिलाया कि सिरसा पुलिस जिला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के खिलाफ पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है ।
