सिरसा में कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने किया बैंक आफ इंडिया की नई शाखा का शुभारंभ
mahednra india news, new delhi
- बैंक आफ इंडिया की बरनाला रोड सिरसा शाखा में ग्राहकों को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
शाखा में आने वाले हर ग्राहक को सेवाओं से संतुष्ट करके भेजें घर: कुलगुरु विजय कुमार
सिरसा। बैंक आॅफ इंडिया ने बरनाला रोड, सिरसा में अपनी नई शाखा का शुभारंभ कर क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। नई शाखा का शुभारंभ मंगलवार को सीडीएलयू के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार ने किया।

इस अवसर पर भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। बैंक प्रबंधन ने कुलगुरु व अन्य अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनिल कुमार वर्मा, फील्ड महाप्रबंधक (एफजीएमओ चंडीगढ़) तथा राजेश कुमार, आंचलिक प्रबंधक चंडीगढ़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह जानकारी देते हुए प्रबंधक सुभाष चंद्र बेनीवाल ने बताया कि बरनाला रोड शाखा में ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते, एफडी, खुदरा ऋण, एमएसएमई वित्तपोषण, कृषि ऋण, डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं, बीमा तथा धन प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। शाखा को आधुनिक बैंकिंग अवसंरचना और प्रशिक्षित कर्मचारियों से सुसज्जित किया गया है ताकि ग्राहकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं मिल सकें।

इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार ने कहा कि बैंक की शाखा खुलना खुशी की बात है, कर्मचारियों का एक ध्येय होना चाहिए कि यहां पर आने वाले ग्राहक को सभी तरह से संतुष्ट करके भेजें ताकि यहां से निकलते वक्त उसके चेहरे पर एक अलग प्रकार की खुशी दिखाई दे। इस अवसर पर फील्ड महाप्रबंधक अनिल कुमार वर्मा और आंचलिक प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि बैंक आॅफ इंडिया गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने तथा समाज के आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नई शाखा के माध्यम से बैंक अधिक से अधिक लोगों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने में सक्षम होगा। बैंक अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई शाखा क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों और आम नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
