home page

एचआईवी-एड्स जागरूकता क्विज में विवेकानंद स्कूल बणी का दबदबा, अर्पित कौर व जशनप्रीत की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

 | 
news

 mahendra india news, new delhi
विद्यार्थियों में एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों, सामाजिक कुरीतियों, कलंक एवं भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से आर.के. सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सिरसा में जिला स्तरीय एचआईवी-एड्स जागरूकता क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लगभग 110 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


प्रतियोगिता में विवेकानंद सीनियर सैकेंडरी स्कूल, बणी की टीम, जिसमें अर्पित कौर एवं जशनप्रीत शामिल थीं, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की गुरकीरत कौर एवं गुररहमत कौर की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बणी की दूसरी टीम, जिसमें कैफी एवं अलीशा शामिल रहे, ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मम्मनखेड़ा के प्राचार्य नीरज पाहूजा निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत सिविल अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एचआईवी-एड्स के संक्रमण, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने एचआईवी-एड्स से जुड़ी भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करते हुए विद्यार्थियों के प्रश्नों का वैज्ञानिक एवं सहज तरीके से समाधान किया तथा उन्हें सही जानकारी अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी-एड्स के कारणों, संक्रमण एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में व्याप्त भ्रांतियों, सामाजिक कुरीतियों,

WhatsApp Group Join Now

कलंक एवं भेदभाव को कम करना है। विद्यार्थियों को प्रजनन स्वास्थ्य, संतुलित आहार एवं पोषण, स्वच्छता तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सही एवं वैज्ञानिक जानकारी देना समय की आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वयं स्वस्थ एवं सजग रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज तक स्वास्थ्य संबंधी सही संदेश पहुंचाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3,000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार राशि संबंधित विद्यार्थियों के बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।