27 फरवरी, 2026 की मौसम रिपोर्ट, आज 6 प्रदेशों में बर्फबारी व बरसात की चेतावनी
मौसम में आज शुक्रवार यानि 27 फरवरी को भ्भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी कर दी है, मौसम विभाग ने कहा है कि देश के 6 राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जाहिर सी बात है कि अगर इन 6 राज्यों में बर्फबारी और बरसात होगी तो वहां ठंड बढऩे के साथ-साथ उसका असर आसपास के राज्यों पर भी होगा। इसलिए एक बार यह जान लीजिए कि आज के लिए मौसम विभाग ने क्या अलर्ट जारी किया है।
दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 27 से 28 फरवरी और 2 से 4 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 26 फरवरी को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में और 27-28 फरवरी को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। केरल, तमिलनाडु, असम और मेघालय में भी गरज और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 1.5 किमी ऊंचाई तक एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
पूर्वी असम के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर और गुजरात तट के पास 1.5 से 3.1 किमी ऊंचाई के बीच चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई पर चक्रवाती हवाएं बनी हुई हैं।दक्षिण-पश्चिम तमिलनाडु से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक, आंतरिक कर्नाटक के ऊपर से एक ट्रफ (द्रोणिका) गुजर रही है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में कई जगहों पर बरसात हो सकती है। तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और केरल में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक संभव है।
