बदलेगा मौसम, कल राजस्थान समेत 4 प्रदेशों में बरसात की चेतावनी, मौसम की ताजा रिपोर्ट
Weather to change, rain warning in four states including Rajasthan tomorrow, latest weather report
मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने वाला है। मौसम कल बुधवार यानि 26 नवंबर 2025 को कई जगह पर खराब रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगामी दिनों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बरसात हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इसके अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 27-28 नवंबर को राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने व हल्की बारिश होने की संभावना है। विशेषकर 27 नवंबर को जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिकों ने कहा है कि मलेशिया और उससे सटे मलक्का जलडमरूमध्य पर बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों के भीतर दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। यह प्रणाली वर्तमान में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रही है और अगले 24 घंटों में दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर एक अवदाब के रूप में मजबूत हो सकती है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के सुबह-सुबह के उपग्रह विश्लेषण के अनुसार, दक्षिणी अंडमान सागर, मलक्का जलडमरूमध्य और आसपास के क्षेत्रों में इसका असर देखा जा रहा है। हवाएं 15-20 समुद्री मील की गति से चलने का अनुमान है, जो बढक़र 30 समुद्री मील तक पहुंच सकती हैं, और समुद्र की स्थिति मध्यम बनी हुई है।
मौसम विभाग ने 26 नवंबर से 30 नवंबर तक फिर से तमिलनाडु में भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। केरल और माहे में 26 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि लक्षद्वीप में 24 नवंबर को भारी बरसात हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 26 से 28 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 29 नवंबर को भारी बरसात और उसके बाद 30 नवंबर को बहुत भारी वर्षा हो सकती है। अगले छह दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 40 किलोमीटर से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश हो सकती है।
दिल्ली में 26 नवंबर से तापमान में और कमी आएगी। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान लुढक़कर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, बिहार में ठंड और शीत लहर का असर तेज हो गया है।
ा
यूपी में मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में तापमान में करीबन 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते सुबह के समय शीत लहर का असर तेज होने की संभावना है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
ी
उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। देहरादून, नैनीताल, मसूरी जिले में तापमान में तेजी से कमी देखी जा रही है।
