Weather Update: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 17 नवंबर तक गंभीर तूफान बनने की आशंका
mahendra india news, new delhi
मौसम में आज सोमवार यानि 16 नवंबर को बड़ा बदलाव होने वाला है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन तेजी से ताकतवर हो रहा है और अब चक्रवाती तूफान बनने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार यानी 16 नवंबर की शाम तक यह चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद मंगलवार यानि 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। इस मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उधर, भारत के दूसरे हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पूर्वोत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। दिल्ली में सुबह हल्की धुंध और कोहरा छाने का अनुमान है, जबकि उत्तर प्रदेश में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बिहार में बारिश का कोई विशेष अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह के समय कोहरा परेशान कर सकता है। उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
17 नवंबर को होगा और ताकतवर
देश के दक्षिण और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन पिछले छह घंटों में करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 15 नवंबर की रात 11:30 बजे यह 10.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.7 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। उस समय यह चेन्नई से लगभग 760 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था। मौसम विभाग के अनुसार आज सोमवार यानि 16 नवंबर की शाम तक इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना है। इसके बाद 17 नवंबर की शाम तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अगले दो दिनों में इसके और ताकतवर होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढऩे का अनुमान है।
