हरियाणा में महिला की हत्या, गंदा नाला के पास घायल अवस्था में मिली, पति ने चाकू से किया हमला
हरियाणा के सोनीपत में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला घायल अवस्था में देर रात गंदा नाला के पास परचून की दुकान के बाहर पहुंची। दुकानदार ने महिला से घायल होने की वजह पूछी तो वह पति के चाकू मारने की बात कहकर बेहोश हो गई। महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कुंडली की शिवपुरी कॉलोनी निवासी सोनू यादव ने पुलिस को बताया कि गंदा नाला के पास उसकी किराना की दुकान है। वह रविवार रात को लगभग साढ़े 10 बजे दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला नीलकंठ धर्मकांटा की ओर से आई और अचानक उसकी दुकान के बाहर आकर गिर गई।
उसने देखा कि महिला के पेट पर तेजधार हथियार के निशान थे। महिला से पूछा तो उसने बताया कि उसके पति ने उसे चाकू मार दिए हैं। फिर वह उनसे नाम पूछते इससे पहली महिला बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद दुकानदार ने महिला के बारे में पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में महिला की पहचान का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुंडली के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के शरीर पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। दुकानदार के सामने महिला ने पति द्वारा चाकू से हमला करने की जानकारी दी है। पुलिस महिला के शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है।