home page

CDLU सिरसा में लैब सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को दिए सुरक्षित प्रयोग के टिप्स

 | 
NEWS

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा सेफ लैब प्रैक्टिसेज 1.0 एनवायरनमेंट, हेल्थ एंड सेफ्टी विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से डॉ. जयंत सिंधु ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रयोगशाला में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


डॉ. जयंत सिंधु ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रयोगशाला में कार्य करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रयोगशाला में उपयोग किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपकरणों, रसायनों को सावधानीपूर्वक संभालने एवं उनके सुरक्षित भंडारण तथा प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जबकि उचित सुरक्षा उपायों और जागरूकता के माध्यम से ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोगशाला में हमेशा सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर विभाग की चेयरपर्सन प्रो. गीता रानी ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रयोगशाला में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना विद्यार्थियों एवं शिक्षकों, दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक कार्य के साथ-साथ सुरक्षा नियमों की जानकारी होना भी आवश्यक है, ताकि वे किसी भी संभावित खतरे से स्वयं को और दूसरों को सुरक्षित रख सकें।

WhatsApp Group Join Now


कार्यक्रम में रसायन विज्ञान विभाग, बी.एससी. लाइफ साइंसेज, शिक्षा विभाग तथा यूएसजीएस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभाग की चेयरपर्सन प्रो. गीता रानी सहित विभाग के सभी प्रोफेसर, रिसर्च स्कॉलर्स एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रयोगशाला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार प्रयोगात्मक कार्य के लिए प्रेरित करना रहा।