ऊर्जा एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा वर्ल्ड वेटलैंड्स दिवस का आयोजन
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के ऊर्जा एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा सोमवार को वर्ल्ड वेटलैंड्स दिवस (विश्व आर्द्रभूमि दिवस–2026) का आयोजन किया गया।
ऊर्जा एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद काशिफ किदवई ने आर्द्रभूमियों से संबंधित विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही उन्होंने आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और पहलों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों में आर्द्रभूमियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं पारंपरिक ज्ञान के महत्व को रेखांकित करना रहा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व आर्द्रभूमि दिवस 2026 की थीम “आर्द्रभूमियाँ और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव” रही। इस थीम के अनुरूप विभाग की स्नातकोत्तर छात्राओं अनिशा, सोनाली, शिवानी एवं निशा द्वारा रंग-बिरंगी रंगोली तैयार की गई, जिसके माध्यम से पृथ्वी एवं जैव विविधता के लिए आर्द्रभूमियों के महत्व का प्रभावी संदेश दिया गया। प्रोफेसर काशिफ ने बताया गया कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय आर्द्रभूमियों से जुड़ी नीतियों एवं कार्यक्रमों के लिए नोडल एजेंसी है।
