आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर स्वामी विवेकानंद स्कूल अरनियांवाली में योग शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव अरनियांवाली स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल मेें आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पतंजलि योग समिति, हरियाणा के सह-प्रभारी विनोद सोनी के नेतृत्व में योग शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में हरियाणा के सह-प्रभारी विनोद सोनी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को योगाभ्यास करवाते हुए आचार्य बालकृष्ण के आयुर्वेद एवं जड़ी-बूटियों पर किए गए महत्वपूर्ण शोधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पेड़-पौधों के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों के गुणों का ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि सुबह उठकर दातून करना तथा रात को सोने से पहले ब्रश करना दांतों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
हरियाणा के सह-प्रभारी विनोद सोनी ने बताया कि पेड़-पौधे हमें ऑक्सीजन, छाया, फल, औषधियां तथा पक्षियों के लिए आश्रय प्रदान करते हैं। साथ ही वे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करना चाहिए। इस अवसर पर डॉ. रामकृष्ण खोथ, बेअंत कौर, जयप्रकाश सहित विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
