हरियाणा के गांव में तार चोरी करते समय युवक को लगा करंट, बिजली पोल पर लटका मिला शव
हरियाणा प्रदेश के फतेहाबाद जिला में गांव ढाणी जल्लोपुर में हाई वोल्टेज 11 केवी बिजली लाइन के पोल पर चढ़े एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात्रि की बताई जा रही है। इसके बारे में शनिवार सुबह ग्रामीणों ने लाइन से शव लटका देखा तो बिजली निगम व पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गांव हड़ौली निवासी 28 साल के मक्खन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक तार चोरी की नीयत से कटर लेकर रात्रि के समय एच-पोल पर चढ़ा था, इससे उसके करंट लग गया।
इसके बारे में सूचना मिलते ही जल्लोपुर सब स्टेशन में तैनात लाइनमैन सुरेंद्र सहित बिजली निगम के अधिकारी घटनास्थल पहुंचे व बिजली लाइन को बंद करवा शव नीचे उतारा। सदर थाना पुलिस ने बिजली निगम के लाइनमैन सुरेंद्र की शिकायत पर मृतक पर बिजली तार चोरी के प्रयास का केस दर्ज किया है।
