home page

कनाडा की झील में डूबा फतेहाबाद का युवक, उच्च शिक्षा के लिए गया कनाडा, पिता शहर में ज्वेलरी के हैं कारोबारी

 | 
news

mahendra india news, new delhi

फतेहाबाद शहर के लाजपत नगर के रहने वाले 23 साल के कमल सोनी की कनाडा में मौत हो गई। कमल सोनी की मौत झील में डूबने से हुई। जानकारी के मुताबिक कमल सोनी 28 दिसंबर 2023 को उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। वह आंटारियो प्रांत में कमल कंप्यूटर साइंस का कोर्स कर रहा था।

बताया जा रहा है कि 3 जुलाई को वह दोस्तों के साथ लेक पर बोटिंग करने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। काफी प्रयासों के बाद भी कमल को बचाया नहीं जा सका। इस दर्दनाक हादसे के बाद कनाडा में स्थानीय प्रशासन द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

परिजनों ने बताया कि कमल सोनी अगस्त माह में देश लौटने वाला था। 27 अगस्त को उसका 24वां जन्मदिन था और उसने परिवार को बिना बताए घर पहुंचकर मम्मी-पापा को सरप्राइज देने की स्कीम बनाई हुई थी।

इसी 30 जुलाई को उसकी बहन का जन्मदिन भी है, जिसकी तैयारियों को लेकर वह परिवार से लगातार बातचीत कर रहा था। इतना ही नहीं, अक्टूबर में मां बाप की 26वीं शादी की सालगिरह को भी विशेष तरीके से मनाने की योजना बना रहा था।

परिवार पार्थिव शरीर लाने में जुटा
कमल सोनी के पिता राकेश कुमार शहर में ज्वेलरी के कारोबारी हैं।  बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार अब कमल के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। परिजनों ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा से भी सहायता की गुहार लगाई है। फतेहाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा के माध्यम से सांसद को पूरे मामले की जानकारी दी गई।

WhatsApp Group Join Now

बताया जा रहा है कि इसके बाद सांसद कुमारी सैलजा ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखकर विदेश मंत्रालय तथा कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।