home page

जिला सिरसा में इग्नू की सत्रांत परीक्षाओं के लिए 04 परीक्षा केंद्र स्थापित

 | 
04 examination centres have been set up for IGNOU term-end examinations in Sirsa district
mahendra india news, new delhi

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून-जुलाई 2026 सत्रांत परीक्षाएं पूरे भारतवर्ष में 01 जून 2026 से प्रारंभ होकर 21 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी देते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि हरियाणा के भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत तथा रोहतक जिलों में इग्नू द्वारा कुल 37 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 12 परीक्षा केंद्र हरियाणा की विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जून-जुलाई माह में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में पूरे हरियाणा से कुल 3,72,484 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि जेलों में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,248 कैदी भी परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे।

डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू की परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम सत्र प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक रहेगा।

इसी कड़ी में इग्नू अध्ययन केंद्र 1085, राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा के समन्वयक डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि जिला सिरसा में कुल 04 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा (1014), नेशनल कॉलेज ऑफ एजुकेशन सिरसा (1051P), जेसीडी पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन (1052P) तथा राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा (1085) शामिल हैं।

WhatsApp Group Join Now

डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र 1085 पर परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है, ताकि परीक्षाएं सुचारु, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई जा सकें।

डॉ. धर्म पाल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं के व्यवस्थित एवं सुचारु संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसके लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल द्वारा सभी परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जानकारी प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि इग्नू द्वारा हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। विद्यार्थी अपना हॉल टिकट IGNOU वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों को अपना एनरोलमेंट कार्ड प्राप्त नहीं हुआ है अथवा जिन्होंने इसे डाउनलोड नहीं किया है, वे समर्थ पोर्टल पर अपनी यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से अपना एनरोलमेंट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।