SIRSA में गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर 17 लाख की धोखाधड़ी, मामले में आरोपी गिरफ्तार
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। गोल्ड लोन ट्रांसफर के नाम पर एक फाइनेंस कंपनी के साथ करीब 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।पुलिस के अनुसार बरनाला रोड स्थित बजाज गोल्ड लोन शाखा में कार्यरत विजय शर्मा ने शिकायत दी थी कि 29 अप्रैल 2026 को गांव नथौर निवासी अजय सिंह उनकी शाखा में गोल्ड लोन ट्रांसफर करवाने के लिए आया था।
आरोपी का पहले एक अन्य गोल्ड फाइनेंस कंपनी में करीब 17 लाख रुपये का गोल्ड लोन चल रहा था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई 2026 को कंपनी ने पुराना लोन बंद करवाने के लिए 17 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए।शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पुरानी कंपनी का लोन तो चुका दिया, लेकिन नियमानुसार गिरवी रखा गया सोना नई शाखा में जमा नहीं कराया। इसके बाद कंपनी अधिकारियों ने कई बार आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से कंपनी के साथ धोखाधड़ी की है।
मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर गांव नथौर निवासी अजय कुमार के खिलाफ सिविल लाइन थाना में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय सिंह पुत्र राम लाल निवासी गांव नथौर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर माननीय अदालत से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड लिया गया है ।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकार की धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं। आवश्यक पूछताछ पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
