home page

CDLU सिरसा में 172 विद्यार्थियों ने लिया करियर वेबिनार में हिस्सा, ACCA और मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी के अवसरों की दी जानकारी

 | 
172 students at CDLU Sirsa participated in a career webinar, which provided information about ACCA and job opportunities in multinational companies

mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज द्वारा प्लूटस एजुकेशन के सहयोग से पाथवेज़ टू हाई पेइंग कैरियर्स इन मल्टीनेशनल कम्पनीज विषय पर ऑनलाइन करियर काउंसलिंग वेबिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के कुशल नेतृत्व तथा यूएसजीएस के डीन प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। वेबिनार में बीबीए के कुल 172 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वेबिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकाउंटिंग एवं फाइनेंस के क्षेत्र में उपलब्ध वैश्विक करियर अवसरों, पेशेवर योग्यताओं तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों में आकर्षक रोजगार संभावनाओं से अवगत कराना था।
वेबिनार में मुख्य वक्ता के रूप में खुशी गेरा, एसीसीए एफिलिएट, फाइनेंस एवं अकाउंटिंग फैकल्टी तथा पूर्व ऑडिट प्रोफेशनल ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव एवं विशेषज्ञ विचार साझा किए। उन्होंने विशेष रूप से एसीसीए (एसोसिएशन ऑफ चार्टर्ड सर्टिफाइड अकाउंटेंट) की अंतरराष्ट्रीय मान्यता और अकाउंटिंग, फाइनेंस, ऑडिट एवं टैक्सेशन के क्षेत्र में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त पेशेवर योग्यताएं विद्यार्थियों के लिए बिग फोर कंपनियों तथा प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों में करियर के नए द्वार खोल सकती हैं।


सत्र के दौरान विद्यार्थियों को एसीसीए की योग्यता संरचना, पात्रता, उपलब्ध छूट, आवश्यक व्यावसायिक कौशल तथा भारत एवं विदेशों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी गई। वक्ता ने इस बात पर बल दिया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी कॉर्पोरेट परिवेश में केवल शैक्षणिक डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, विश्लेषणात्मक क्षमता, व्यावसायिक समझ और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पेशेवर योग्यताएं भी करियर में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
वेबिनार में वैश्विक करियर के विभिन्न मार्गों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों में उच्च-वेतन वाले पदों की आवश्यकताओं तथा एक सुव्यवस्थित करियर रोडमैप तैयार करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने और विशेषज्ञ से सीधे संवाद करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के लिए ई-सर्टिफिकेट तथा निःशुल्क ई-बुक की सुविधा भी रखी गई। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. नियति चौधरी ने किया, जबकि डॉ. हरदर्शन कौर एवं नेहा अरोड़ा ने सह-समन्वयक के रूप में भूमिका निभाई। बीबीए विभाग के सभी संकाय सदस्यों ने आयोजन समिति के सदस्य के रूप में सहयोग प्रदान किया।