हरियाणा में भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत, एक घायल

Haryana News: हरियाणा के थाना शहजादपुर क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भंडारे में जा रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हुआ।
घटना के अनुसार, मृतक और घायल लोग सभी बिहार के रहने वाले थे और गांव रजपुरा में भंडारे में खाना खाने जा रहे थे। वे चारों पैदल ही शहजादपुर की ओर नेशनल हाईवे-344 के किनारे जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। कार चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति, भरोस साहनी, कार के नीचे फंसकर कई किलोमीटर तक घसीटता गया।
हादसे में मारे गए लोगों में प्रभु कुमार, सतरुधन कुमार, और भरोस साहनी थे। प्रभु कुमार और सतरुधन कुमार को अस्पताल पहुंचने से पहले मृत घोषित कर दिया गया। भरोस साहनी को अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घायल मुन्ना कुमार को शहजादपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है