दड़बा कलां में 30 एकड़ नरमा की फसल खराब, किसानों ने की पुलिस व कृषि विभाग से जांच की मांग
mahendra india news, new delhi
गांव दड़बा कलां के नाहरांवाली रकबा में करीबन 30 एकड़ नरमा की फसल अचानक खराब होने का मामला सामने आया है। किसानो ने इसकी शिकायत थाना नाथूसरी चौपटा में दी है। किसानों के अनुसार फसल पहले पूरी तरह स्वस्थ थी, लेकिन अचानक खराब होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
किसान नरदीप, जगतपाल सिंह, विद्यासागर, बलवीर सिंह, आशिन, महेंद्र, महावीर, विनोद और देवीलाल ने पुलिस को शिकायत देने के साथ कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मामले की सूचना दी है। किसानों ने फसल खराब होने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि अचानक फसल खराब होने से उनकी मेहनत और लागत पर पानी फिर गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शनिवार को उपायुक्त से मिलेंगे किसान
किसानों के हितों को देखते हुए शनिवार को सिरसा उपायुक्त से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान प्रभावित किसानों की फसल खराब होने के मामले से प्रशासन को अवगत करवाते हुए विशेष मुआवजा देने की मांग रखी जाएगी, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके। इस मौके पर रमेश डूडी, रामकुंवर पुनिया, जगतपाल बैनीवाल, साधु राम, महेंद्र हक्कम, संजय, अमित, विनोद और चंद्र बैनीवाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
