home page

संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल नाथूसरी चोपटा में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विषय पर प्रतियोगिता आयोजित

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल नाथूसरी चोपटा में आज “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” विषय पर निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र, संवैधानिक अधिकारों तथा नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रितिका, द्वितीय स्थान पूजा तथा तृतीय स्थान बजरंग ने प्राप्त किया। रितिका ने अपने भाषण में प्रभावशाली ढंग से बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश को लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संविधान मिला, जो प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करता है। हमें संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए अपनी मांगों को सरकार के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में अराजकता का सहारा लेकर दूसरे नागरिकों के अधिकारों का हनन नहीं करना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर  अंबेडकर कासनियां ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की जागरूकता, अनुशासन, आपसी सम्मान एवं संवैधानिक नियमों के पालन पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

WhatsApp Group Join Now

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संवैधानिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।