संगम स्कूल भरोखां में दुर्गा नवमी पर हुआ भव्य कंजक पूजन
mahendra india news, new delhi
सिरसा। गांव भरोखां स्थित संगम स्कूल में बुधवार को दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर कंजक पूजन का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम से किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय की नर्सरी कक्षा में इस वर्ष प्रवेश लेने वाली सभी कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें माता रानी का स्वरूप मानकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मुख्याध्यापक छगन सेठी ने की। उन्होंने सर्वप्रथम सभी कन्याओं के चरण धोकर उन्हें उचित स्थान पर विराजमान किया। इसके बाद विद्यालय की अध्यापिकाओं ने बालिकाओं का तिलक कर, रक्षा सूत्र बांधकर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित जनसमूह ने उन्हें देवी शक्ति का प्रतीक मानकर पूजा-अर्चना की। पूजन के उपरांत कन्याओं को हलवाए चनेए नारियल और केले का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही, उन्हें उपहारस्वरूप उपवस्त्र भेंट किए गए।
अंत में उपस्थित सभी जनों ने कंजक बालिकाओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य छगन सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार, भक्ति और आदर्श जीवन मूल्यों का संचार करते हैं। साथ ही यह समाज में कन्या सम्मान और नारीशक्ति की गरिमा को स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ छात्र-छात्राएं, अभिभावक और परिवहन विभाग से जुड़े कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन की भव्यता और पावनता की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से प्रेरणादायक बताया।
