स्वर्गीय पिता की स्मृति में सेवा का अनूठा संकल्प, गांव धोतड़ के चौधरी देवीलाल पार्क में पुण्यतिथि पर किया त्रिवेणी पौधारोपण
mahendra india news, new delhi
सिरसा। समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित सुनील गोदारा एवं राकेश गोदारा ने अपने स्वर्गीय पिता चौधरी अमर सिंह गोदारा की स्मृति को सेवा कार्यों से जीवंत रखने का अनूठा संकल्प लिया है। वर्ष 2018 से दोनों भाइयों द्वारा अपने पिता की याद में विभिन्न समाजसेवा एवं जनकल्याणकारी योजनाएं निरंतर चलाई जा रही हैं।
इसी कड़ी में स्वर्गीय चौधरी अमर सिंह गोदारा की पुण्यतिथि के अवसर पर गांव धोतड़ के चौधरी देवीलाल पार्क में त्रिवेणी का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा इसे स्वर्गीय अमर सिंह गोदारा की स्मृति को समर्पित किया।
गोदारा बंधुओं द्वारा पुण्यतिथि पर गोशाला में सवामणी, सार्वजनिक स्थानों पर त्रिवेणी पौधारोपण, अमर कन्यादान के तहत जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में कन्यादान तथा जन्मदिवस के अवसर पर सत्संग-भंडारा और सैकड़ों गर्म वस्त्रों का वितरण जैसे सेवा कार्य किए जाते हैं।
सुनील गोदारा ने कहा कि, “पिता की पुण्यतिथि हमारे लिए केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि उनके संस्कारों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। पेड़ लगाना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे सुंदर उपहार भी।”
इस अवसर पर बलवान हुड्डा, मनीष बेनीवाल, सुनील सहारण, सतवीर नैन, रमन गेना, विनोद मेहला और सुरेश मेहता सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। धोतड़वासियों ने गोदारा बंधुओं द्वारा लंबे समय से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपने प्रियजन की स्मृति को समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना अनुकरणीय पहल है।
“एक पौधा, एक वृक्ष—सिर्फ हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का उपहार है।
